स्वाधीनता दिवस पर मप्र के माधव टाइगर रिजर्व से आई खुशखबरी, बाघिन एमटी-4 ने दिया शावकों को जन्म

15 Aug 2026 21:06:53
मुख्यमंत्री द्वारा बाघिन की शावकों के साथ शेयर की गई तस्वीर


- मुख्यमंत्री और वन मंत्री ने व्यक्त की प्रसन्नता

भोपाल, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में स्थित माधव टाइगर रिजर्व से शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खुशखबरी आई है। यहां बाघिन एमपी-4 ने शावकों को जन्म दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वन एवं पर्यावरण मंत्री दिलीप अहिरवार ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

हालांकि, यह जानकारी अभी नहीं मिल पाई है कि बाघिन एमपी-4 ने कितने शावकों को जन्म दिया है। शनिवार को उसे दो शावकों के साथ देखा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर इसका फोटो भी शेयर किया है। साथ ही उन्होंने इसे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि माधव टाइगर रिज़र्व में बाघिन एमटी-4 ने शावकों को जन्म दिया है। बाघों की नई पीढ़ी का आगमन हम सभी के लिए हर्ष का विषय है। यह प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मध्य प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयास अब सकारात्मक परिणामों के रूप में दिखाई दे रहे हैं।

वहीं, वन मंत्री दिलीप अहिरवार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माधव टाइगर रिजर्व में बाघिन एमटी-4 द्वारा शावकों को जन्म देने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बाघ शावकों का जन्म प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का सुखद परिणाम है। मंत्री अहिरवार ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रभावी प्रयासों का शुभ परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश बाघों सहित अन्य वन्यजीवों के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को इस सुखद उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0