मप्र के रतलाम में एक्सप्रेस-वे पर हादसा, ट्रक में घुसी कार, खाटूश्याम जा रहे परिवार के 4 सदस्यों की मौत, 5 घायल

15 Aug 2026 09:55:53
मप्र के रतलाम में एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा


रतलाम, 15 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देररात राजस्थान स्थित खाटूश्याम के दर्शन के लिए जा रहे एक ही परिवार के लोगों से भरी अर्टिगा कार किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर के बाद कार घिसटते हुए पलट गई, जिससे तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा देररात करीब 11:30 बजे शिवगढ़ थाना अंतर्गत कजलिया पाड़ा के पास हुआ। एक ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़ा किया गया था। इंदौर, धार और झाबुआ जिले के रहने वाले श्रद्धालु कार (एमपी 09 डीएल 8098) से राजस्थान स्थित खाटूश्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। रात के अंधेरे में कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक खड़े ट्रक को देख नहीं पाया और कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार घिसटते हुए आगे जाकर पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना पुलिस और एनएचएआई की एंबुलेंस टीम क्रेन के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। हादसे में जतीन, पैपी, रानू और लिशा नाम के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अरुण, मीना, रवि (ड्राइवर), तिशा और दक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

एनएचएआई और पुलिस की टीम ने सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घटना के बाद झाबुआ और आसपास के इलाकों में रहने वाले मृतकों व घायलों के परिजनों को सूचित किया गया, जिसके बाद परिजन रात में ही रतलाम अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Powered By Sangraha 9.0