चिनाब नदी में गिरा स्कॉर्पियो, 5 लोगों की मौत, राहत अभियान जारी

15 Aug 2026 14:38:53

किश्तवाड़, 15 अगस्त (हि.स.)। जम्मू संभाग के किश्तवार जिले के दच्छन इलाके में शनिवार को एक सड़क दुर्घटना में महिंद्रा स्कॉर्पियो के चिनाब नदी में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई।

अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 10:45 बजे स्कॉर्पियो डांगदारू से सौंदर की ओर जा रही थी तभी येनवान डांगदारू में यह दुर्घटना हुई। कहा जा रहा है कि वाहन सड़क से फिसल कर चिनाब नदी में गिर गया। जिसके बाद बचाव अभियान चलाया गया।

घटना के बाद दच्छन पुलिस स्टेशन की टीम स्थानीय निवासियों और अन्य कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और वाहन में सवार लोगों को ढूंढने और निकालने के प्रयास शुरू किए।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल से अब तक पांच शव बरामद किए गए हैं। दुर्घटना के समय वाहन में सवार यात्रियों की सही संख्या अभीतक अनिश्चित है जबकि मृतकों की पहचान की जा रही है। मौके पर राहत अभियान जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Powered By Sangraha 9.0