
इस्लामाबाद, 16 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान की सेना ने बलोचिस्तान के खारान जिला के लाजे इलाके में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया है। पाकिस्तान की थल सेना की मदद के लिए वायु सेना भी पहुंच चुकी है। सैन्य विमानों और ड्रोन से हमले किए जा रहे हैं। ऐसे ही हमले में 15 अगस्त को एक किसान की मौत हो गई।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान का सैन्य अभियान 14 अगस्त को शुरू हुआ। सुरक्षा बलों को वायु सेना कवच प्रदान कर जेट विमानों और ड्रोन से विद्रोहियों की मौजूदगी वाले संदिग्ध इलाकों में बमबारी कर रही है। स्थानीय सूत्रों ने बताया है कि इन हमलों में हाजी मलिक उस्मान सासोली के बेटे किसान सुल्तान मोहम्मद की मौत हो गई। पाकिस्तान के सैन्य ड्रोन और हेलीकॉप्टर अभी भी मंडरा रहे हैं। हमलों में अनेक आम नागरिकों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
पाकिस्तानी सेना ने सुराब जिले में सेना ने महिलाओं और बच्चों समेत 20 से ज्यादा आम नागरिकों को निशाना बनाया। खारान, समेट, खुजदार, जहरी और मुल्ला के अलग-अलग इलाकों में ड्रोन हमलों में एक ही परिवार के कई सदस्यों को निशाना बनाया गया। पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों ने हमलों की पुष्टि की है। इन अधिकारियों ने कहा कि सेना हथियारबंद संगठनों के ठिकानों को निशाना बना रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, 12 अगस्त को सुराब जिले के गदर गोंदन इलाके में पाकिस्तानी जेट की बमबारी में कई लोग मारे गए और घायल हुए। मरने वालों और घायलों की संख्या 27 बताई गई है। बलोचिस्तान के राष्ट्रीय दलों और मानवाधिकार संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उधर, खुजदार पुलिस प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू खत्म खत्म होने की खबर को अफवाह बताया है। पुलिस ने कहा कि अगली सूचना तक हर दिन रात 8 बजे से सुबह 10 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। सुराब, कलात, मस्तुंग और नुश्की जिलों में कर्फ्यू पहले से ही लागू है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद