नेपाल में एलपीजी की भारी किल्लत, गैस की प्रत्यक्ष बिक्री तत्काल रोकने की मांग

युगवार्ता    16-Aug-2026
Total Views |
नेपाल में सरकार द्वारा की जा रही गैस बिक्री वितरण


काठमांडू, 16 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में खाना पकाने वाली एलपीजी की कमी को देखते हुए गैस विक्रेता महासंघ ने उद्योगों और विभिन्न नामों से संचालित बिक्री केंद्रों से हो रही गैस की प्रत्यक्ष बिक्री तत्काल रोकने की सरकार से मांग की है। महासंघ का आरोप है कि संबंधित निकाय नेपाल ऑयल निगम, वाणिज्य मंत्रालय और सरकार वास्तविक समस्या का समाधान करने के बजाय केवल अनावश्यक प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।

महासंघ के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर अर्याल ने कहा कि प्रभावी वितरण चैनल (विक्रेता/डीलर) को हटाकर उद्योगों और विभिन्न केंद्रों के माध्यम से एलपीजी बेचने के फैसले से संकट और गंभीर हो गया है तथा उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने ऐसी बिक्री तत्काल रोकने की मांग की। महासंघ का कहना है कि एक ओर विक्रेताओं को गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है और दूसरी ओर निरीक्षण के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है, जिसके कारण बाजार व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई है।

महासंघ ने सरकार, उद्योग और बिक्री केंद्रों के नाम पर खुद गैस बेचने तथा निरीक्षण के नाम पर आम विक्रेताओं को अनावश्यक परेशान करने की सरकारी रवैये पर गंभीर आपत्ति जताई है। महासंघ ने सरकार से तत्काल गैस उद्योगों और विभिन्न नामों से संचालित बिक्री केंद्रों को बंद कर केवल विक्रेताओं के माध्यम से गैस की बिक्री-वितरण व्यवस्था सुचारु करने का आग्रह किया है।

महासंघ का दावा है कि डीलरों के माध्यम से वितरण प्रणाली को व्यवस्थित करने से ही उपभोक्ताओं की परेशानी खत्म होगी और वास्तविक समस्या का समाधान हो सकेगा। इसके अलावा, महासंघ ने आंकड़े सार्वजनिक करते हुए बताया कि पिछले चार महीनों में करीब 60 हजार टन कम गैस का आयात हुआ है। महासंघ ने यह भी चेतावनी दी है कि अभी भी नए गैस सिलेंडरों की बिक्री नहीं रोकी गई है। यदि इसे तत्काल नियंत्रित नहीं किया गया तो आने वाले वर्षों में गैस की कमी की समस्या और भी विकराल हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags