डीपीएल: यश धुल और सिद्धार्थ जॉन के तूफानी अर्धशतक, सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दर्ज की धमाकेदार जीत

16 Aug 2026 18:25:53
यश धुल और सिद्धार्थ जॉन


नई दिल्ली, 16 अगस्त (हि.स.)। यश धुल और सिद्धार्थ जॉन की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के मुकाबले में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली ने 151 रन का लक्ष्य महज 9.3 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया और 63 गेंद शेष रहते शानदार जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को 20 ओवर में 150/9 रन पर रोक दिया। नॉर्थ दिल्ली की पारी में भारत सिंधवानी ने 27 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि यश भाटिया ने 15 गेंदों पर 24 और अर्जुन रापरिया ने नाबाद 17 गेंदों पर 28 रन का योगदान दिया।

सेंट्रल दिल्ली की ओर से तेज गेंदबाज मनी ग्रेवाल ने कप्तान सार्थक रंजन को 10 रन पर आउट कर शुरुआती सफलता दिलाई। इसके बाद गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर नॉर्थ दिल्ली को बड़ा स्कोर बनाने से रोके रखा।

लेग स्पिनर तेजस बड़ोका ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर दो विकेट लिए। गवनीश खुराना ने 25 रन देकर दो, आत्रेय त्रिपाठी ने 43 रन देकर दो और अभिषेक कुमार यादव ने 37 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

सिद्धार्थ जॉन और यश धुल ने मचाई तबाही

151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पहली ही गेंद से आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज सिद्धार्थ जॉन और कप्तान यश धुल ने नॉर्थ दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए महज 45 गेंदों में 140 रन की विस्फोटक साझेदारी कर दी।

सेंट्रल दिल्ली ने पावरप्ले में ही 112 रन ठोककर विपक्षी गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

सिद्धार्थ जॉन ने महज 24 गेंदों पर 76 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह चौके और आठ छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 316.67 रहा। कप्तान यश धुल भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने 24 गेंदों पर 69 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और चार छक्के शामिल रहे।

दोनों सलामी बल्लेबाज लगातार दो ओवरों में आउट हो गए, लेकिन तब तक मुकाबला पूरी तरह सेंट्रल दिल्ली के पक्ष में जा चुका था। युगल सैनी और केशव डबास ने बाकी औपचारिकताएं पूरी करते हुए टीम को 9.3 ओवर में 151/2 तक पहुंचाया और आठ विकेट से शानदार जीत दिलाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0