
मुंबई, 16 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के कोलाबा स्थित नेवी नगर में भारतीय नौसेना के एक नाविक, उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चों के घर पर मृत पाए जाने से सनसनी फैल गई। बच्चों की उम्र दो महीने और तीन साल बताई गई है। नेवीनगर पुलिस ने चारों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार को नेवीनगर में स्थित नेवी क्वार्टर से एक नाविक, उसकी पत्नी और दो बच्चों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नाविक के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, दोनों बच्चों की मौत की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। प्रथम दृष्टया आशंका है कि बच्चों की मौत जहर दिए जाने से हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए हैं और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांचकर्ता परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रहे हैं, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
भारतीय नौसेना ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि कोलाबा के नेवी नगर में एक नौसैनिक अपने परिवार के साथ 15 अगस्त को घर पर मृत पाए गए। नौसेना ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नौसेना जांच में हरसंभव सहयोग कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव