सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के उपनिरीक्षक को किया गिरफ्तार

17 Aug 2026 14:04:53
सीबीआई


नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 10 हजार रुपये घूस लेने के मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के उपनिरीक्षक दानिश हामिद को गिरफ्तार किया है। आरोपी जम्मू के जानीपुर थाने में तैनात था।

सीबीआई के अनुसार, आरोपी उपनिरीक्षक ने वैवाहिक विवाद से जुड़े मामले में शिकायतकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं करने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बातचीत के बाद वह 10 हजार रुपये में रिश्वत लेने के लिए तैयार हो गया।

सीबीआई ने 16 अगस्त को शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। इसके बाद एजेंसी ने जाल बिछाया और आरोपी उपनिरीक्षक को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। सीबीआई ने बताया कि मामले में जांच जारी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0