नेतन्याहू ने कुशनर से कहा- हमास के पूरी तरह निरस्त्रीकरण तक गाजा से नहीं हटेगा इजराइल

17 Aug 2026 22:03:53

तेल अवीव, 17 अगस्त (हि.स.)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर से मुलाकात के दौरान स्पष्ट किया कि हमास के पूरी तरह निरस्त्रीकरण तक इजराइल गाजा से अपनी सेना नहीं हटाएगा और वहां पुनर्निर्माण की अनुमति भी नहीं दी जाएगी। यह जानकारी एक वरिष्ठ इजराइली अधिकारी ने दी।

अधिकारी के अनुसार, दोनों पक्ष इस बात पर भी सहमत हुए कि एक अमेरिकी जनरल हमास के हथियारों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया की निगरानी करेगा। इसे गाजा के विसैन्यीकरण की दिशा में पहला कदम माना जा रहा है।

हालांकि, हमास ने तब तक हथियार डालने से इनकार किया है, जब तक गाजा में लगभग रोज हो रहे इजराइली हमले बंद नहीं होते और इलाके के बड़े हिस्से पर तैनात इजराइली सैनिकों की वापसी शुरू नहीं होती।

बैठक में बोर्ड ऑफ पीस के निदेशक निकोलाय म्लादेनोव और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर भी शामिल हुए। नेतन्याहू कार्यालय के अनुसार, बैठक में निरस्त्रीकरण तथा स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल और सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर कार्य समूह बनाने पर सहमति बनी।

एक अन्य इजराइली सूत्र के मुताबिक, नेतन्याहू ने अमेरिका के नए 15-सूत्रीय गाजा युद्धविराम प्रस्ताव को लागू करने में आगामी इजराइली चुनावों के कारण मुश्किलें आने की बात कही। इजराइली प्रधानमंत्री ने हमास के कमांडरों के खिलाफ जारी लक्षित कार्रवाई की नीति में बदलाव से भी इनकार किया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0