
बर्मिंघम, 17 अगस्त (हि.स.)। ब्रिटेन की एमी हंट ने रविवार को यूरोपीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में एक संस्करण में चार स्वर्ण पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया। वहीं, स्वीडन के स्टार पोल वॉल्टर आर्मंड ‘मोंडो’ डुप्लांटिस ने लगातार चौथी बार यूरोपीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
हंट ने मिश्रित 4x100 मीटर रिले में ब्रिटेन को स्वर्ण दिलाया। जेरेमिया अज़ू, दीना एशर-स्मिथ, झार्नेल ह्यूज और हंट की टीम ने 39.97 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। जर्मनी 40.11 सेकंड के साथ दूसरे और स्पेन 40.42 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
हंट इससे पहले 100 और 200 मीटर के व्यक्तिगत खिताब के अलावा शनिवार को महिला 4x100 मीटर रिले का स्वर्ण भी जीत चुकी थीं। एंकर लेग में उन्होंने जर्मनी की जीना लुकेंकेम्पर को पीछे छोड़ते हुए ब्रिटेन को जीत दिलाई।
हंट ने कहा, “मैं बेहद खुश हूं। खेल में अपने कुछ सबसे अच्छे दोस्तों के साथ इसे खत्म करना अविश्वसनीय है। हमने यह सब मिलकर किया और यह शानदार एहसास है।”
एशर-स्मिथ ने रचा एक और इतिहास
वहीं, दीना एशर-स्मिथ ने अपने करियर का आठवां यूरोपीय चैंपियनशिप स्वर्ण जीता। वह प्रतियोगिता की सबसे ज्यादा पदक जीतने वाली एथलीट बन गईं। उनके नाम अब कुल 11 पदक हैं, जो दिवंगत पोलिश धाविका इरेना शेविंस्का से एक अधिक हैं।
मिश्रित 4x100 मीटर रिले को पहली बार यूरोपीय चैंपियनशिप में शामिल किया गया था।
डुप्लांटिस का लगातार चौथा खिताब
पोल वॉल्ट में ओलंपिक चैंपियन आर्मंड डुप्लांटिस ने 6.15 मीटर की ऊंचाई पार कर लगातार चौथी बार यूरोपीय चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीता। विश्व रिकॉर्ड धारक डुप्लांटिस ने इस साल मार्च में 6.31 मीटर की छलांग लगाकर अपना 15वां विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
ग्रीस के इमैनुएल करालिस ने 6.00 मीटर के साथ रजत और फ्रांस के बैप्टिस्ट थियरी ने 5.85 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।
इटली ने पदक तालिका में ब्रिटेन को पछाड़ा
चैंपियनशिप के अंतिम दिन पदक तालिका में ब्रिटेन और इटली नौ-नौ स्वर्ण के साथ बराबरी पर थे। पुरुष 4x400 मीटर रिले में इटली ने स्वर्ण जीतकर बाजी मार ली और ब्रिटेन को रजत से संतोष करना पड़ा।
इटली ने 10 स्वर्ण समेत कुल 22 पदक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि ब्रिटेन के खाते में कुल 19 पदक रहे। इटली ने दो साल पहले रोम में भी पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
महिला 4x400 मीटर रिले में नीदरलैंड्स ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण जीता। स्टार धाविका फेमके बोल ने अंतिम चरण में ब्रिटेन की एमिली न्यून्हम को पीछे छोड़ा। यह चैंपियनशिप में बोल का छठा स्वर्ण पदक रहा।
महिला 1,500 मीटर में ब्रिटेन की जॉर्जिया हंटर बेल ने 4:07.78 के समय के साथ स्वर्ण जीता, जबकि इटली की लारिसा इपिचिनो ने लंबी कूद में 7.00 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण अपने नाम किया।
पेट्रोस ने मैराथन में बनाया चैंपियनशिप रिकॉर्ड
पुरुष मैराथन में जर्मनी के अमानाल पेट्रोस ने 2 घंटे 9 मिनट 11 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता और चैंपियनशिप रिकॉर्ड भी बनाया। इटली के पिएत्रो रीवा ने 2:09:18 के साथ रजत और इजरायल के गाशाउ अयाले ने 2:09:21 के साथ कांस्य पदक जीता।
महिला मैराथन में फिनलैंड की अलिसा वैनियो ने 2:22:26 के समय के साथ स्वर्ण जीता। हंगरी की लिली अन्ना विंडिक्स-टोथ रजत और ब्रिटेन की एबी डोनेली कांस्य पदक विजेता रहीं। वैनियो ने इस दौरान 2014 का चैंपियनशिप रिकॉर्ड भी लगभग तीन मिनट के अंतर से तोड़ दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे