युवा शक्ति, इनोवेशन और जन भागीदारी से जल संरक्षण को देंगे नई गति : सीआर पाटिल

17 Aug 2026 16:46:53
एसवीएनआईटी में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल


सूरत, 17 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि युवा शक्ति, इनोवेशन और जन भागीदारी से जल संरक्षण को नई गति दी जाएगी।

केद्रीय मंत्री पाटिल सोमवार को एसवीएनआईटी, सूरत में आयोजित “वन डे–वन यूनिवर्सिटी” कार्यक्रम काे संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों और युवा शक्ति के साथ संवाद किया और जल संरक्षण व स्वच्छता को लेकर केंद्र सरकार के विजन को साझा किया।

पाटिल ने कहा कि देश की युवा शक्ति के साथ संवाद का अनुभव अत्यंत सुखद रहा। उन्होंने युवा साथियों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्रभाई मोदी के “हर घर जल, हर घर स्वच्छता” के संकल्प तथा “जल संचय–जन भागीदारी” के माध्यम से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के विजन पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा जल एवं स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रस्तुत किए गए इनोवेशन और नए विचारों को जानकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हुई।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय और कॉलेज इनोवेशन एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के केंद्र हैं। जमीनी स्तर की समस्याओं के व्यावहारिक और कम लागत वाले समाधान तलाशने के लिए ऐसे संस्थानों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा शक्ति, विज्ञान, इनोवेशन और जनभागीदारी के सामूहिक प्रयासों से प्रधानमंत्री के जल-सुरक्षित और स्वच्छ भारत के संकल्प को और गति मिलेगी तथा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में देश आगे बढ़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0