
नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)की नवनियुक्त राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक आगामी 22 अगस्त 2026 को यहां पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित की जाएगी।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। बैठक में नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री और सचिव समेत अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। नई टीम के गठन के बाद यह पहला बड़ा संगठनात्मक कार्यक्रम होगा, जिसमें सभी पदाधिकारी एक-दूसरे से औपचारिक रूप से परिचित होंगे। बैठक का प्रमुख उद्देश्य नई टीम के बीच आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल स्थापित करना है। इसके साथ ही पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जिम्मेदारियों और चुनावी तैयारियों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और संगठन की प्राथमिकताओं से अवगत कराया जाएगा। साथ ही आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने की रणनीति पर भी मंथन हो सकता है।
नितिन नवीन के नेतृत्व में गठित नई राष्ट्रीय टीम में युवा और अनुभवी नेताओं के संतुलन पर जोर दिया गया है। ऐसे में 22 अगस्त की बैठक को नई टीम के बीच कार्य-विभाजन और संगठनात्मक दिशा तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के बाद भाजपा की राष्ट्रीय टीम के आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर अधिक सक्रिय भूमिका में दिखाई देने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय