
इंदौर, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर की दानपेटियों से निकली राशि की गिनती मंगलवार को पूरी हो गई है। मार्च 2026 के बाद अगस्त में दानपेटियां खोली गई थीं। इस दौरान 40 दानपेटियों से कुल एक करोड़ 81 लाख 12 हजार 50 रुपये निकले।
मंदिर के पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि खजराना गणेश मंदिर की 40 दानपेटियों से कुल एक करोड़ 81 लाख 12 हजार 50 रुपये की राशि प्राप्त हुई। यह दान मार्च से अगस्त तक का है। राशि की गणना वाले स्थान पर चार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके अलावा एक वीडियोग्राफर भी मौजूद रहा, जो पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग कर रहा था। दानपेटियां जहां से लाई जाती थीं, वहां भी वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई थी।
मार्च में निकले थे 1.35 करोड़ रुपये
पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि इससे पहले मार्च में दानपेटियां खोली गई थीं। उस दौरान इनमें से एक करोड़ 35 लाख रुपये निकले थे। अगस्त में प्राप्त राशि भी मंदिर के बैंक खाते में जमा करा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर