एनएचएआई ने 121 टोल प्लाजा पर डिजिटल लोकल पास सुविधा शुरू की

18 Aug 2026 18:14:53
एनएचएआई


नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर डिजिटल लोकल पास की सुविधा शुरू कर दी है। अब यात्री ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के ज़रिए मासिक लोकल पास ऑनलाइन खरीद सकेंगे। इससे टोल प्लाजा पर जाकर दस्तावेज़ जमा करने की ज़रूरत खत्म हो जाएगी और यात्रा और आसान हो जाएगी।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि जुलाई महीनें में दिल्ली के मुण्डका–बक्करवाला टोल प्लाजा पर पहली बार यह सुविधा शुरू की गई थी। सफल परीक्षण के बाद इसे अब 120 से अधिक टोल प्लाजा तक बढ़ा दिया गया है और आने वाले महीनों में इसे और जगहों पर लागू किया जाएगा। इस सुविधा का लाभ टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग उठा सकते हैं। लोकल पास मिलने के बाद वे पूरे महीने उस टोल प्लाजा से असीमित बार यात्रा कर सकते हैं। पहले पात्रता साबित करने के लिए दस्तावेज जमा करने पड़ते थे, लेकिन अब यह काम डिज लॉकर और वाहन प्लेटफ़ॉर्म से जुड़कर ऑनलाइन हो जाएगा।

डिजिटल लोकल पास में जीआईएस आधारित जांच होगी, जिससे यह पता लगाया जाएगा कि आवेदक का पता टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में है या नहीं। इस तकनीक से मैनुअल दस्तावेज़ जांच की ज़रूरत खत्म होगी और प्रक्रिया तेज़, पारदर्शी और सटीक बनेगी। एनएचएआई का कहना है कि इस सुविधा से टोलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। साथ ही नागरिकों को बिना झंझट के यात्रा करने का अवसर मिलेगा। यह कदम राजमार्ग नेटवर्क को और अधिक नागरिक-केंद्रित और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में अहम साबित होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0