नेपाल में ई-कॉमर्स कारोबार के लिए व्यवसायियों का पंजीकरण अनिवार्य, सरकार ने दी कार्रवाई की चेतावनी

18 Aug 2026 14:14:53
प्रतीकात्मक तस्वीर


काठमांडू, 18 अगस्त (हि.स.)। नेपाल के उद्योग, वाणिज्य तथा आपूर्ति मंत्रालय ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यम और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए वस्तुओं तथा सेवाओं का कारोबार करने वाले सभी व्यवसायियों को अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने के बाद ही व्यवसाय संचालित करने का निर्देश दिया है।

मंत्रालय की इलेक्ट्रॉनिक व्यापार, विज्ञान तथा सूचना प्रौद्योगिकी शाखा में कहा कि इलेक्ट्रॉनिक व्यापार (ई-कॉमर्स) अधिनियम और ई-कॉमर्स निर्देशिका लागू हो चुके हैं, इसलिए व्यवसायियों से सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने का आग्रह किया गया है। अधिनियम के अनुसार वेबसाइट, मोबाइल ऐप, सॉफ्टवेयर, इंटरनेट, सोशल मीडिया के मार्केटप्लेस समेत इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से वस्तुओं और सेवाओं का कारोबार करने वाले व्यवसाय ई-कॉमर्स के अंतर्गत आते हैं।

मंत्रालय के अनुसार ऐसे व्यवसायियों को कारोबार शुरू करने से पहले अपना इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म स्थापित कर संबंधित विभाग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। मंत्रालय ने कहा है कि हाल के दिनों में विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों और डिजिटल भुगतान प्रणालियों का इस्तेमाल कर उपभोक्ताओं को भ्रमित करने, ठगी करने तथा घटिया वस्तुओं और सेवाओं की बिक्री-वितरण की शिकायतें बढ़ रही हैं। इसलिए इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से व्यापार-व्यवसाय संचालित करने वाले सभी व्यवसायी निर्धारित प्रक्रिया पूरी करके विभाग में पंजीकरण करा लें और प्रचलित कानूनों का पूर्ण पालन करते हुए ही कारोबार करें।

मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यवसायी बिना पंजीकरण के या गैरकानूनी इलेक्ट्रॉनिक प्लेटफॉर्म के माध्यम से कारोबार करता पाया गया, तो इलेक्ट्रॉनिक व्यापार अधिनियम-2081 तथा अन्य प्रचलित कानूनों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0