
सिनसिनाटी, 18 अगस्त (हि.स.)। टेनिस की दिग्गज बहनें वीनस विलियम्स और सेरेना विलियम्स सिनसिनाटी ओपन के महिला युगल के दूसरे दौर में पहुंचने से महज दो अंक दूर रह गईं। सोमवार को खेले गए पहले दौर के मुकाबले में यूक्रेन की मार्ता कोस्त्युक और स्थानीय खिलाड़ी पेटन स्टियर्न्स ने विलियम्स बहनों को 2-6, 6-1, 10-8 से हराया।
यह मुकाबला सेरेना और वीनस की 2022 अमेरिकी ओपन के बाद पहली बार साथ में प्रतिस्पर्धी मैच था। दोनों बहनों ने तीन सेट के रोमांचक मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए अपने पुराने अंदाज की झलक दिखाई, लेकिन निर्णायक सुपर टाईब्रेक में जीत से दो अंक दूर रह गईं।
विलियम्स बहनों को सिनसिनाटी ओपन में वाइल्ड कार्ड के जरिए प्रवेश मिला था। यह टूर्नामेंट अमेरिकी ओपन की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है, जो छह दिन बाद शुरू होने वाला है।
पहले सेट में सेरेना और वीनस ने दमदार खेल दिखाते हुए 6-2 से जीत दर्ज की। हालांकि, कोस्त्युक और स्टियर्न्स ने दूसरे सेट में शानदार वापसी की और 6-1 से सेट अपने नाम कर मुकाबले को निर्णायक सुपर टाईब्रेक में पहुंचा दिया।
निर्णायक मुकाबले में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ी टक्कर हुई, लेकिन कोस्त्युक और स्टियर्न्स ने 10-8 से बाजी मार ली। विलियम्स बहनों ने इस दौरान उस शानदार खेल की कई झलकियां दिखाईं, जिसने उन्हें कई ग्रैंड स्लैम खिताब दिलाए और खेल इतिहास की सबसे सफल बहनों की जोड़ियों में शामिल किया।
दूसरे दौर में अब मार्ता कोस्त्युक और पेटन स्टियर्न्स का सामना तीसरी वरीयता प्राप्त क्रिस्टीना म्लादेनोविच और हान्यू गुओ की जोड़ी से होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे