लगातार छठे दिन निफ्टी गिरावट के साथ बंद, सेंसेक्स लगातार तीसरे दिन हुआ कमजोर

18 Aug 2026 17:17:53
प्रतीकात्मक


- बाजार की कमजोरी से निवेशकों ने गंवाए 2.77 लाख करोड़ रुपये

नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। आईटी सेक्टर के शेयरों में हुई जोरदार बिकवाली, कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी और अमेरिका-ईरान के बीच सुलह होने की लगातार घट रही उम्मीद की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज पूरे दिन दबाव में कारोबार करता रहा। सेंसेक्स आज लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी ने लगातार छठे दिन लाल निशान में गोता लगा कर अपने कारोबार का अंत किया। आज पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.63 प्रतिशत और निफ्टी 0.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 309.19 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,418.97 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे यह सूचकांक उछल कर 77,575.21 अंक के स्तर तक पहुंचा। हालांकि, लिवाली का यह दौर अधिक देर तक टिक नहीं सका। कुछ देर बाद ही बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी बढ़ने लगी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 492.70 अंक यानी 0.63 प्रतिशत फिसल कर 77,235.46 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 63.80 अंक यानी 0.26 प्रतिशत टूट कर 24,223.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 45 अंक से अधिक सुधर कर 24,269.65 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इस स्तर पर पहुंचने के बाद निफ्टी बिकवाली के दबाव में फंस गया, जिसकी वजह से इसकी चाल गिरती चली गई। पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी 132.75 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,154.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों की लगातार बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1.93 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स भी 0.81 प्रतिशत की कमजोरी का शिकार हो गया। इसके अलावा बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, मेटल,ऑयल एंड गैस और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर और मीडिया सेक्टर के शेयरों की आज लिवाली होती रही। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.43 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पौने तीन लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 490.78 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 493.55 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.77 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,530 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,930 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,384 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 216 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,057 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,307 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,750 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 8 शेयर बढ़त के साथ और 22 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान में और 40 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एक्सिस बैंक 1.28 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 1.07 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.92 प्रतिशत, ग्रासिम इंडस्ट्रीज 0.87 प्रतिशत और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 0.70 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी) 2.24 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 2.20 प्रतिशत, इंफोसिस 2.18 प्रतिशत, विप्रो 2.11 प्रतिशत और एचसीएल टेक्नोलॉजी 2.04 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0