अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय की अध्यक्ष टोमोको अकाने पर लगाया प्रतिबंध

18 Aug 2026 23:57:53

वाशिंगटन, 18 अगस्त (हि.स.)। अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की अध्यक्ष और जापानी न्यायाधीश टोमोको अकाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय की वेबसाइट पर मंगलवार को इसकी जानकारी दी गई। यह कदम हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय के खिलाफ ट्रंप प्रशासन की बढ़ती कार्रवाई का हिस्सा है।

अमेरिका लंबे समय से आईसीसी के उन कदमों का विरोध करता रहा है, जिनके तहत इजराइल और अमेरिकी नागरिकों से जुड़े मामलों की जांच या कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वाशिंगटन ने विशेष रूप से इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पूर्व रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के खिलाफ जारी आईसीसी के गिरफ्तारी वारंट पर आपत्ति जताई है। इन दोनों पर गाजा में कथित युद्ध अपराधों के आरोप हैं।

अमेरिका अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्यकर्मियों द्वारा कथित अपराधों की आईसीसी जांच का भी विरोध करता है। अमेरिका स्वयं आईसीसी का सदस्य नहीं है और उसका कहना है कि न्यायालय को उन देशों के नागरिकों पर अधिकार क्षेत्र नहीं होना चाहिए, जिन्होंने रोम संविधि को स्वीकार नहीं किया है।

नए प्रतिबंधों के तहत अकाने की अमेरिका में मौजूद संपत्तियों और अमेरिकी वित्तीय प्रणाली तक उनकी पहुंच प्रभावित हो सकती है। अमेरिकी प्रशासन ने इससे पहले भी आईसीसी के कई अधिकारियों और न्यायाधीशों पर प्रतिबंध लगाए हैं।

टोमोको अकाने मार्च 2024 से आईसीसी की अध्यक्ष हैं। न्यायालय की ओर से अमेरिकी दबाव के बावजूद स्वतंत्र रूप से काम जारी रखने की बात कही गई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0