हैदराबाद, 19 अगस्त (हि.स.)। तेलुगु अभिनेत्री निधि अग्रवाल सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में बुधवार को हैदराबाद में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के समक्ष पेश हुईं।
ईडी ने सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार के लिए हवाला चैनलों के माध्यम से कथित तौर पर भुगतान प्राप्त करने के आरोपों के संबंध में अभिनेत्री को पहले नोटिस जारी किया था। हालांकि, निधि अग्रवाल ने पूर्व निर्धारित कार्य प्रतिबद्धताओं का हवाला देते हुए एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था।
इसके बाद वह बुधवार को ईडी कार्यालय पहुंचीं। अधिकारियों के समक्ष उनका बयान दर्ज किया जा रहा है और कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े सवालों के जवाब लिए जा रहे हैं।
ईडी ने सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार में कथित संलिप्तता को लेकर इससे पहले 21 हस्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। एजेंसी अपनी जांच के तहत अब तक कई हस्तियों से पूछताछ कर चुकी है।
जांच एजेंसी सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के प्रचार के लिए विभिन्न हस्तियों को कथित तौर पर किए गए भुगतान के स्रोत, हवाला चैनलों के इस्तेमाल और संबंधित वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है। निधि अग्रवाल से पूछताछ भी इसी जांच का हिस्सा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj