

जयपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार ने बुधवार को राजस्थान के जयपुर में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत दूसरी ब्रिक्स 2026 पर्यटन कार्य समूह (टीडब्ल्यूजी) की बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव भुवनेश कुमार ने की।
बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भारत की अध्यक्षता के तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं पर्यटन, स्थिरता एवं जिम्मेदार पर्यटन, पर्यटन कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण तथा पर्यटन आदान-प्रदान एवं निर्बाध यात्रा सुविधा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
बैठक का व्यापक विषय “मजबूती, नवाचार, सहयोग एवं स्थिरता के लिए निर्माण” रहा। कार्य समूह ने तकनीकी बदलाव, यात्रियों की बदलती अपेक्षाओं और स्थिरता की आवश्यकताओं के बीच पर्यटन को आर्थिक विकास, रोजगार, सतत विकास और लोगों के बीच आपसी मेल-जोल का महत्वपूर्ण माध्यम माना।
बैठक में उभरती तकनीकों के जिम्मेदार उपयोग, सतत एवं समुदाय-केंद्रित पर्यटन, मानव पूंजी विकास, पर्यटन आदान-प्रदान और मजबूत संपर्क के क्षेत्रों में सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव भुवनेश कुमार ने कहा कि पहली पर्यटन कार्य समूह बैठक और उसके बाद हुई बातचीत से भारत के ब्रिक्स पर्यटन ट्रैक को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। भारत की अध्यक्षता में स्थिरता, कौशल विकास, निर्बाध यात्रा और स्मार्ट पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्य समूह की चर्चाओं के परिणाम 21 अगस्त को होने वाली ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेंगे।
इससे पहले 25 मई 2026 को पहली ब्रिक्स 2026 पर्यटन कार्य समूह की बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित हुई थी।
ब्रिक्स प्रतिनिधि 20 अगस्त को जयपुर के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों हवा महल, सिटी पैलेस और आमेर पैलेस का तकनीकी दौरा करेंगे। इस दौरान उन्हें राजस्थान की सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत को समझने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर