साइबर स्लेवरी और मानव तस्करी नेटवर्क में शामिल आरोपित को सीबीआई ने दबोचा

19 Aug 2026 16:20:53
सीबीआई


नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दक्षिण‑पूर्व एशिया के स्कैम कम्पाउंड से जुड़े मानव तस्करी और साइबर स्लेवरी नेटवर्क में शामिल आरोपित हिसार निवासी अंकित को यहां से गिरफ्तार किया है। उसे दक्षिण‑पूर्व एशिया के स्कैम कम्पाउंड से जुड़े साइबर स्लेवरी और मानव तस्करी नेटवर्क का हिस्सा बताया जा रहा है।

सीबीआई के मुताबिक जांच में सामने आया है कि आरोपित ने साल 2025 में हिसार इलाके से कम-से-कम चार लोगों को म्यांमार और कंबोडिया के स्कैम कम्पाउंड भेजा था। वहां उन्हें नौकरी के झूठे वादों के जरिए फंसाया गया और बाद में भारी रकम देकर या किसी और को फंसाकर ही वे वापस लौट पाए।

सीबीआई ने आरोपित के मोबाइल से कई अहम सबूत बरामद किए हैं। इनमें म्यांमार और कंबोडिया के स्कैम कम्पाउंड संचालकों से उसकी बातचीत, सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर डाले गए विज्ञापन और टेलीग्राम पर हुई चैट शामिल हैं। इसके अलावा कई क्रिप्टो करेंसी लेन‑देन भी सामने आए हैं, जिन्हें कमीशन के तौर पर बताया जा रहा है।

सीबीआई ने दिसंबर 2025 में इस नेटवर्क के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद इस साल मई और जून में चार राज्यों में छापेमारी कर तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0