कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ वाणिज्य मंत्री सिंगापुर रवाना

19 Aug 2026 13:35:53
पीयूष गोयल का फाइल फोटो


नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भारत और सिंगापुर के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए उद्देश्य से 70 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ सिंगापुर दौरे पर आज रवाना हो गए हैं।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में बताया कि पीयूष गोयल का तीन दिवसीय आधिकारिक दौरा 19 अगस्त से शुरू हुआ। वाणिज्य मंत्री इस यात्रा के दौरान भारत-सिंगापुर मंत्री-स्तरीय गोलमेज सम्मेलन (आईएसएमआर) और चौथे भारत-सिंगापुर व्यापार गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगे।

मंत्रालय के अनुसार गोयल 20 अगस्त को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, रेलवे, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ चौथी भारत-सिंगापुर मंत्रीस्तरीय गोलमेज बैठक (आईएसएमआर) में भाग लेंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दौरान मंत्री सिंगापुर के अपने समकक्षों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।

गोयल के साथ व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में कृत्रिम मेधा (एआई), विनिर्माण, बुनियादी ढांचा, वित्तीय सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा, खाद्य एवं कृषि, लॉजिस्टिक्स, समुद्री क्षेत्र और व्यापार से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं। इस बातचीत में साझेदारी, निवेश, बाजार पहुंच, प्रौद्योगिकी सहयोग और प्रतिभा विकास पर ध्यान दिया जाएगा।

सिंगापुर, भारत का एक प्रमुख आर्थिक साझेदार और निवेश का बड़ा स्रोत बना हुआ है। वित्त वर्ष 2025-26 में सिंगापुर 19.8 अरब डॉलर के साथ भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का सबसे बड़ा स्रोत रहा है। अप्रैल 2000 से मार्च 2026 के बीच सिंगापुर से कुल एफडीआई प्रवाह 194.68 अरब डॉलर रहा, जो भारत में कुल एफडीआई प्रवाह का 24.72 फीसदी है।

भारत-सिंगापुर व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार में काफी वृद्धि हुई है। यह वित्त वर्ष 2004-05 के 6.7 अरब डॉलर से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 36.1 अरब डॉलर हो गया है।

उल्लेखनीय है कि सिंगापुर दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों के संगठन (आसियान) में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार भी है। साथ ही विदेशी वाणिज्यिक ऋण (ईसीबी) तथा विदेशी पोर्टफोलियो निवेश का भी एक महत्वपूर्ण स्रोत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0