मुनिरका में मणिपुर के दो लोगों से मारपीट, एनएचआरसी ने लिया स्वत: संज्ञान

19 Aug 2026 13:38:53
एनएचआरसी


नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने यहां मुनिरका इलाके में मणिपुर के दो लोगों के साथ कथित मारपीट के मामले में स्वत: संज्ञान लिया है। इस हमले में एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है और उसे अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है।

एनएचआरसी ने कहा 14 अगस्त को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट में बताया गया था कि मामूली विवाद के बाद दो लोगों पर दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। घटना दिल्ली के मुनिरका इलाके की बताई गई है। आयोग ने इसे गंभीर मामला मानते हुए कार्रवाई की है।

आयोग ने कहा कि ये सारी जानकारी मीडिया रिपोर्ट में दी गई हैं। यदि ये मीडिया रिपोर्ट में सामने आई बातें सही हैं तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है। इस पर एनएचआरसी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने पुलिस से मामले में की गई जांच और घायल व्यक्ति की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी देने को कहा है। आयोग ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0