धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलागाड पुल क्षतिग्रस्त, डायवर्जन बनाने का काम शुरू

19 Aug 2026 10:18:53

पिथौरागढ़, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को भारी बोल्डर गिरने से कुलागाड के पास स्थित पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इससे सीमांत क्षेत्र को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को सुचारू करने के प्रयास शुरू कर दिए। बीआरओ के अधिकारियों के अनुसार, वाहनों की आवाजाही बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग (डायवर्जन) तैयार किया जा रहा है और इसे बुधवार शाम तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण मार्ग पर फिलहाल यातायात प्रभावित है। प्रशासन और बीआरओ ने यात्रियों एवं स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने और मौके पर सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0