उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे,राज्यपाल और मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वागत

19 Aug 2026 16:53:53
राज्यपाल उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए।


उत्तराखंड के राज्यपाल उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए।


-उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

देहरादून, 19 अगस्त (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया।

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने जिले की सीमाओं के साथ ही आंतरिक मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच तेज कर दी है।

राधाकृष्णन बुधवार को देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) का दौरा करेंगे। यहां वह भारतीय वन सेवा के 2025-27 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करने के साथ उनसे संवाद भी करेंगे।

इसके बाद 20 अगस्त को उपराष्ट्रपति मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) में 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के द्वितीय चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। अकादमी के दौरे के दौरान वह सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

उपराष्ट्रपति की आवाजाही के मद्देनजर देहरादून यातायात पुलिस ने भी विस्तृत यातायात योजना लागू की है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान 19 अगस्त को दोपहर एक बजे से साढ़े तीन बजे तक लागू रहा और 20 अगस्त को सुबह साढ़े आठ बजे से साढ़े दस बजे और दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक विभिन्न मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0