उपराष्ट्रपति के सम्मान में सांस्कृतिक संध्या, लोक संस्कृति और भारतीय विविधता का दिखा संगम

19 Aug 2026 21:39:53
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के साथ लोक भवन में आयोजित विशेष सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देने वाले कलाकार।


लोक भवन में आयोजित विशेष सांस्कृतिक संध्या में सांस्कृतिक प्रस्तुति देते कलाकार।


देहरादून, 19 अगस्त (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के उत्तराखंड प्रवास के अवसर पर बुधवार को देहरादून स्थित लोक भवन में विशेष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं, संस्कृति और कला के साथ भारतीय संस्कृति की विविधता का आकर्षक एवं भावपूर्ण प्रदर्शन किया गया।

सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने संगीत, नृत्य और अभिनय के माध्यम से देवभूमि की लोक सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। लोक कला और पारंपरिक सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों से सजी प्रस्तुतियों ने उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को रेखांकित करते हुए भारतीय संस्कृति की विविधता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम की प्रस्तुतियों में ‘विविधता में एकता’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भारतीय सांस्कृतिक भावना को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया गया। विभिन्न कला रूपों के माध्यम से कलाकारों ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक आत्मीयता और देश की साझा विरासत का संदेश उपस्थित अतिथियों तक पहुंचाया।

लोक भवन में आयोजित यह सांस्कृतिक आयोजन उत्तराखंड की पारंपरिक सांस्कृतिक धरोहर और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के सुंदर समन्वय का अवसर बना। संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने राज्य की लोक परंपराओं को गरिमापूर्ण मंच प्रदान करते हुए सांस्कृतिक एकता की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), प्रथम महिला गुरमीत कौर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव राज्यपाल रविनाथ रमन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Powered By Sangraha 9.0