बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने किए मप्र के उज्जैन में महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल

02 Aug 2026 11:59:53
उज्जैन में महाकाल मंदिर में पूजा करते हुए बिहार के मंत्री अशोक चौधरी


- व्यवस्थाओं की तारीफ की, विपक्ष पर साधा निशाना

उज्जैन, 02 अगस्त (हि.स.)। बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण कैबिनेट मंत्री अशोक चौधरी रविवार सुबह मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पहुंचकर भस्म आरती में शामिल हुए। भगवा वस्त्र धारण कर शिवभक्ति में लीन नजर आए जदयू नेता ने मंदिर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालु सुविधाओं की सराहना की। इसके साथ ही बिहार में गांव-टैक्स विवाद को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।

रविवार तड़के उज्जैन के ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में आयोजित प्रसिद्ध भस्म आरती में बिहार के कैबिनेट मंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने भाग लिया। पूजा-अर्चना के दौरान वे भगवा परिधान में हाथों में रुद्राक्ष की माला लिए पूरी तरह शिव आराधना में लीन दिखे। भस्म आरती संपन्न होने के उपरांत मंदिर प्रबंध समिति के उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने उनका स्वागत व सम्मान किया। दर्शन के बाद मंत्री चौधरी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वे पिछले 25 वर्षों से नियमित रूप से महाकाल दरबार में माथा टेकने आ रहे हैं और हर बार मंदिर परिसर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलता है।

सुगम दर्शन व्यवस्था और आधार-आधारित टिकट की सराहना

मंत्री अशोक चौधरी ने लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच मंदिर प्रशासन और स्थानीय जिला प्रशासन के प्रबंधन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सावन मास में अपार जनसैलाब के बावजूद ऑनलाइन बुकिंग और सत्यापन प्रणाली के माध्यम से दर्शन की प्रक्रिया काफी सुगम और पारदर्शी हुई है। उल्लेखनीय है कि रविवार को मंदिर में चलित भस्म आरती का भी आयोजन किया गया था, जिसमें देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन किए।

गांवों में टैक्स विवाद पर विपक्ष पर साधा निशाना

महाकाल दर्शन के दौरान मंत्री अशोक चौधरी का बिहार के चर्चित 'ग्रामीण विकास टैक्स' मुद्दे पर दिया गया बयान भी सुर्खियों में रहा। बिहार में गांवों पर टैक्स लगाने के फैसले पर विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों को गति देने के लिए संसाधनों और राजस्व की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह विकास के हर प्रशासनिक कदम पर अकारण राजनीति कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Powered By Sangraha 9.0