
बीकानेर, 02 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस से पहले भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन ‘शॉक वेव’ के तहत नशे और हथियारों की बड़ी खेप बरामद करके अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में तस्कर वीरेंद्र को गिरफ्तार किया गया है।
बीकानेर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशन में डीएसटी और खाजूवाला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए खाजूवाला थाना क्षेत्र के 32 हेड स्थित चक 6 बीडी सड़क मार्ग पर दबिश दी। वहां से आरोपित को करीब 10 किलोग्राम हेरोइन, विदेशी हथियारों के जखीरे और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपित के कब्जे से दो तुर्किये निर्मित जिगाना पिस्टल, चार ग्लॉक पिस्टल, पांच स्टार मार्क .30 बोर पिस्टल, 22 मैगजीन तथा 100 जीवित कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 999 अफगान मार्का करीब 10 किलोग्राम हेरोइन भी जब्त की गई है।
मृदुल कच्छावा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से नशा और हथियार भारत में पहुंचाने की साजिश रची गई थी। बीकानेर पुलिस लगातार खुफिया सूचनाओं पर निगरानी बनाए हुए थी। इसी आधार पर ऑपरेशन ‘शॉक वेव’ चलाकर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि पूरे अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा, खाजूवाला थानाधिकारी अशोक बिश्नोई, साइबर एक्सपर्ट दीपक यादव, श्रीराम तथा डीएसटी और खाजूवाला थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क और सीमा पार के संपर्कों की गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव