आठ मैचों के एक्सपोजर टूर के लिए बेंगलुरु पहुंची मलेशिया अंडर-21 पुरुष हॉकी टीम

02 Aug 2026 17:44:53
मलेशिया की अंडर-21 पुरुष हॉकी टीम


नई दिल्ली, 02 अगस्त (हि.स.)। मलेशिया की अंडर-21 पुरुष हॉकी टीम आठ मैचों के एक्सपोजर टूर के लिए बेंगलुरु पहुंच गई है। यहां वे साई (भारतीय खेल प्राधिकरण) नेताजी सुभाष दक्षिणी केंद्र में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के खिलाफ पांच मैच और साई टीम के खिलाफ तीन मैच खेलेंगे।

हॉकी इंडिया ने रविवार को जानकारी दी कि यह सीरीज आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए दोनों टीमों की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। मलेशिया टीम के साथ भारतीय जूनियर पुरुष टीम 7 अगस्त, 08 अगस्त, 10 अगस्त, 12 अगस्त और 13 अगस्त खेलेगी। इसके अतिरिक्त मलेशियाई टीम 03 अगस्त, 05 अगस्त और 15 अगस्त को साई टीम से भिड़ेगी।

भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के कोच फ्रेडरिक सोयेज ने कहा कि ये मैच एशिया कप के लिए महत्वपूर्ण तैयारी साबित होंगे। ये बेल्जियम दौरे के दौरान शुरू किए गए हमारे काम की निरंतरता का हिस्सा हैं, जहां हमने खेले गए मैचों में उल्लेखनीय प्रगति देखी। हमें उम्मीद है कि मलेशिया के खिलाफ यह सीरीज हमें बेल्जियम में किए गए प्रयासों और पिछले सप्ताह के प्रशिक्षण में किए गए सुधारों को मजबूत करते हुए उस प्रगति को आगे बढ़ाने में मदद करेगी।

यह एक्सपोजर टूर बेल्जियम में भारतीय जूनियर पुरुष टीम के सफल प्रशिक्षण और प्रतियोगिता चरण के बाद हो रहा है और आगामी जूनियर एशिया कप की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

मैच का कार्यक्रम

मलेशिया अंडर-21 बनाम भारतीय जूनियर पुरुष टीम

07 अगस्त 2026 – दोपहर 4:00 बजे08 अगस्त 2026 – शाम 6:00 बजे10 अगस्त 2026 – सुबह 10:00 बजे12 अगस्त 2026 – दोपहर 2:00 बजे13 अगस्त 2026 – दोपहर 2:00 बजे

मलेशिया अंडर-21 बनाम एसएआई टीम

03 अगस्त 2026 – दोपहर 2:00 बजे05 अगस्त 2026 – दोपहर 4:00 बजे15 अगस्त 2026 – शाम 6:00 बजे

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0