
नई दिल्ली, 02 अगस्त (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में पिछले कारोबारी सप्ताह के दौरान हुई खरीद-बिक्री के कारण देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल नौ कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हो गई, जबकि एक कंपनी के मार्केट कैप में गिरावट दर्ज की गई। देश में मार्केट कैप के मामले में शीर्ष स्थान पर मौजूद इन दस कंपनियों में से नौ के मार्केट कैप में सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद 2.51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। इनमें सबसे अधिक फायदा बजाज फाइनेंस को हुआ, जबकि मार्केट कैप में बढ़ोतरी के मामले में दूसरा स्थान भारती एयरटेल ने हासिल किया।
दूसरी ओर, टॉप 10 मोस्ट वैल्यूड कंपनियों में शामिल सिर्फ एक कंपनी के मार्केट कैप में पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आ गई। पिछले सप्ताह के पांच में से चार कारोबारी दिनों के दौरान उत्साह के साथ हुए कारोबार के बावजूद मार्केट कैप में गिरावट का सामना करने वाली एकमात्र कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर रही।
सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार के बाद बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस), रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टूब्रो, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), एचडीएफसी बैंक, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) और आईसीआईसीआई बैंक के मार्केट कैप में 2,51,228.75 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। दूसरी ओर, हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में 10,326.46 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई।
पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 80,345.97 करोड़ रुपये बढ़ कर 7,10,817.51 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह भारती एयरटेल का मार्केट कैप 44,959.50 करोड़ रुपये उछल कर 12,30,005.63 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा, टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का मार्केट कैप 40,414.03 करोड़ रुपये की उछाल के साथ 8,55,894.78 करोड़ रुपये के स्तर पर और देश में सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 39,447.35 करोड़ रुपये की मजबूती के साथ 17,69,108.79 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
सोमवार से शुक्रवार तक के कारोबार में लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) का मार्केट कैप 21,096.80 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 5,41,844.69 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसी तरह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का मार्केट कैप 10,845.97 करोड़ रुपये बढ़ कर 9,47,799.81 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। इसके अलावा, एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 8,164.73 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 11,52,150.63 करोड़ रुपये के स्तर पर, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैप 4,427.49 करोड़ रुपये उछल कर 5,37,435.05 करोड़ रुपये के स्तर पर और आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 1,660.37 करोड़ रुपये की उछाल के साथ 10,29,878.30 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।
दूसरी ओर, पिछले सप्ताह के कारोबार में हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 10,326.46 करोड़ रुपये घट कर 4,93,602.13 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज 17,69,108.79 करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) के साथ देश की सबसे अधिक मार्केट कैप वाली कंपनी रही। इसके बाद भारती एयरटेल (कुल मार्केट कैप 12,30,005.63 करोड़ रुपये), एचडीएफसी बैंक (कुल मार्केट कैप 11,52,150.63 करोड़ रुपये), आईसीआईसीआई बैंक (कुल मार्केट कैप 10,29,878.30 करोड़ रुपये), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (कुल मार्केट कैप 9,47,799.81 करोड़ रुपये), टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) (कुल मार्केट कैप 8,55,894.78 करोड़ रुपये), बजाज फाइनेंस (कुल मार्केट कैप 7,10,817.51 करोड़ रुपये), लार्सन एंड टूब्रो (कुल मार्केट कैप 5,41,844.69 करोड़ रुपये), भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) (कुल मार्केट कैप 5,37,435.05 करोड़ रुपये) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (कुल मार्केट कैप 4,93,602.13 करोड़ रुपये) के नाम सबसे मूल्यवान टॉप 10 कंपनियों के लिस्ट में दूसरे से दसवें स्थान पर बने रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक