कांवड़ मेले के चौथे दिन 31.50 लाख शिवभक्तों ने उठाया गंगाजल

02 Aug 2026 19:46:53
कावड़ ले जाते शिव भक्त


हरिद्वार, 02 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के कांवड़ मेले में शिवभक्तों की आस्था चरम पर है। मेले के चौथे दिन रविवार को 31 लाख 50 हजार से अधिक कांवड़िये हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही अब तक गंगाजल लेकर प्रस्थान करने वाले शिवभक्तों की कुल संख्या 76 लाख 85 हजार पहुंच गई है।

मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से रविवार शाम प्राप्त जानकारी के अनुसार कांवड़ मेले के चौथे दिन शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हरिद्वार के विभिन्न घाटों से गंगाजल भरकर अपनी यात्रा शुरू की।

हरिद्वार में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के मद्देनजर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार अपने अपनी ड्यूटी पर तैनात हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग प्रदान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Powered By Sangraha 9.0