सीबीआई ने 10 साल से फरार आरोपित को लुधियाना से किया गिरफ्तार

20 Aug 2026 16:15:53
सीबीआई


नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने लोकसभा सचिवालय का कर्मचारी बताकर संसद में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में एक दशक से फरार घोषित अपराधी जितेन्द्र पाठक को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने उसे 19 अगस्त को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया।

सीबीआई के मुताबिक आरोपित के खिलाफ वर्ष 2009 में मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद उसके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया, लेकिन आरोपपत्र दाखिल होने के बाद से ही वह अदालत में पेश नहीं हुआ। लगातार प्रयासों के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित निचली अदालत ने 28 सितंबर 2016 को उसे घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।

सीबीआई ने बताया कि मामले में 13 जुलाई 2009 को जितेन्द्र पाठक और अन्य के खिलाफ निजी व्यक्ति से धोखाधड़ी कर संसद में नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये लेने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। जांच पूरी होने के बाद पाठक समेत एक अन्य आरोपित के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया।

आरोपित के अदालत में पेश नहीं होने के बाद सीबीआई ने उसे तलाशने के लिए लगातार प्रयास किए। जांच और क्षेत्रीय सत्यापन के दौरान सीबीआई को जानकारी मिली कि जितेन्द्र पाठक पंजाब के लुधियाना में रह रहा है। इसके बाद तकनीकी विश्लेषण और अन्य सूचनाओं के आधार पर सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए उसे 19 अगस्त को लुधियाना से पकड़ लिया।

सीबीआई ने कहा कि घोषित अपराधी की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ क्षेत्रीय स्तर पर भी लगातार प्रयास किए गए। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0