असम के मुख्यमंत्री सरमा 25 अगस्त को करेंगे 'ग्रिट एंड ग्लोरी' पुस्तक का विमोचन

20 Aug 2026 17:55:53
पुस्तक विमोचन का आमंत्रण पत्र


नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा उससे जुड़े विभिन्न संगठनों के कार्यों के जरिए असम समेत देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवर्तन की जानकारी देने वाली अंग्रेजी पुस्तक 'ग्रिट एंड ग्लोरी' का विमोचन संघ के दिल्ली स्थित मुख्यालय केशव कुंज में 25 अगस्त को किया जाएगा। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा बतौर मुख्य अतिथि और पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के आयोजकों के मुताबिक अंग्रेजी में लिखी गयी पुस्तक 'ग्रिट एंड ग्लोरी' के लेखक अभिजीत जोग हैं। पुस्तक को सुरुचि प्रकाशन ने प्रकाशित किया है। असम के विभिन्न क्षेत्रों में 1965 से 71 तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे हरिभाऊ मिरासदार का इस पुस्तक की सामग्री के संकलन में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने राज्यभर में कम से कम 175 कार्यकर्ताओं के साक्षात्कार लिये और अन्य जानकारी भी जुटाई।

हरिभाऊ मिरासदार ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि इस पुस्तक में संघ और उसके विविध संगठनों के पूर्वोत्तर क्षेत्र में किए गए कार्यों के माध्यम से सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवर्तन का संक्षिप्त रूप से उल्लेख है। इसके साथ ही उन 62 कार्यकर्ताओं का साक्षात्कार भी दिया गया है जिन्होंने असम में संघ कार्य को विस्तार देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मिरासदार के मुताबिक असम समेत पूर्वोत्तर क्षेत्रों में संघ कार्य के जरिए आए सांस्कृतिक परिवर्तन और इसमें कार्यकर्ताओं के योगदान को बताने वाली कोई आधिकारिक पुस्तक नहीं थी। यह पुस्तक बस इसी कमी को पूरा करने का एक प्रयास है। इसके आधार पर हम समझ सकेंगे कि असम और अन्य क्षेत्रों में संघ कार्य के विस्तार के बाद क्षेत्र में कैसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवर्तन हुआ और इसमें किन विभूतियों का योगदान रहा है।

इस पुस्तक को अंग्रेजी के बाद मराठी, हिंदी और असमी भाषा में भी शीघ्र प्रकाशित किया जाएगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन कुमार

Powered By Sangraha 9.0