
नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। कोइजुमी भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई 2026 में 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत आई जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ हुई विस्तृत और सार्थक बातचीत को याद किया। उन्होंने भारत और जापान के बीच रक्षा सहयोग में लगातार बनी गति पर संतोष जताया।
प्रधानमंत्री ने भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत-जापान के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र तथा उससे आगे शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रधानमंत्री ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत रक्षा क्षेत्र में सह-विकास और सह-उत्पादन के लिए जापानी कंपनियों और भारतीय कंपनियों तथा स्टार्टअप के बीच साझेदारी की व्यापक संभावनाओं को भी रेखांकित किया।
जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने प्रधानमंत्री को दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग में हुई प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने भारत-जापान संबंधों को और गहरा करने के लिए जापान सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार