बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप से बाहर हुए आयुष शेट्टी, अल्वी फरहान ने हराया

20 Aug 2026 19:06:54
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी


नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। भारतीय युवा बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी का बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में अभियान इंडोनेशिया के अल्वी फरहान के खिलाफ हार के साथ समाप्त हो गया। आयुष को प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फरहान ने 21-19, 21-11 से हराया।

पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मध्यांतर तक फरहान ने 11-9 की मामूली बढ़त बना रखी थी। इसके बाद इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने 18-14 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, आयुष ने शानदार वापसी करते हुए लगातार पांच अंक जुटाए और 19-18 से आगे हो गए।

फरहान के दो असफल अपील के बावजूद आयुष ने अपना संयम बनाए रखा, लेकिन निर्णायक क्षणों में फरहान ने फिर बढ़त हासिल कर ली और 21-19 से पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में फरहान ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और 3-1 की बढ़त ले ली। दोनों खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक रैलियां हुईं, लेकिन फरहान ने बेहतर नियंत्रण दिखाते हुए मध्यांतर तक 11-6 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने आयुष को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और 21-11 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ फरहान ने आयुष के खिलाफ वरिष्ठ स्तर के आमने-सामने मुकाबलों में अपनी बढ़त 3-2 कर ली।

इससे पहले आयुष ने श्रीलंका के अबेविक्रमा को 21-8, 21-10 से हराकर आसान जीत दर्ज की थी। उन्होंने टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में विश्व नंबर एक और गत चैंपियन चीन के शी यू क्वी को हराकर बड़ा उलटफेर भी किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0