पारिवारिक अनबन की अफवाहों पर हेमा मालिनी ने तोड़ी चुप्पी

21 Aug 2026 16:14:53
हेमा मालिनी - फोटो सोर्स एक्स


अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के पहले परिवार, जिसमें अभिनेता सनी देओल और बॉबी देओल शामिल हैं, परिवार में चल रही मनमुटाव की अफवाहों को खारिज कर दिया है। हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उनका परिवार पूरी तरह एकजुट है और सभी सदस्य एक-दूसरे के साथ खुश हैं। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया और इंटरनेट पर फैलने वाली हर बात पर भरोसा न करने की अपील भी की।

हेमा मालिनी ने कहा कि आज के दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से कई तरह की भ्रामक जानकारियां और अफवाहें फैलाई जाती हैं। ऐसे में किसी भी खबर पर विश्वास करने से पहले उसकी सच्चाई जांचना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवार के भीतर किसी तरह का तनाव नहीं है और सभी रिश्ते सौहार्दपूर्ण हैं।

बातचीत के दौरान हेमा ने अपने पति धर्मेंद्र के समर्थन को भी याद किया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र ने हमेशा उनके नृत्य और कला के प्रति जुनून को प्रोत्साहित किया। हेमा के अनुसार, आज वह जो कुछ भी कर पा रही हैं, उसमें धर्मेंद्र के सहयोग और विश्वास की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने उन्हें अपना सबसे बड़ा समर्थक और जीवनसाथी बताया। हालांकि, हाल के दिनों में दोनों परिवारों के संबंधों को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आती रही हैं, लेकिन हेमा मालिनी के इस बयान ने इन अटकलों पर विराम लगाने का काम किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0