ट्रीसा-गायत्री ने विश्व की नंबर चार चीनी जोड़ी को हराकर बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में किया प्रवेश

21 Aug 2026 14:09:53
भारतीय महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। भारतीय महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने शुक्रवार को बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप-2026 में शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। इंदिरा गांधी स्टेडियम में भारतीय जोड़ी ने विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त चीन की जिया यी फान और झांग शू शियान को तीन गेम के कड़े मुकाबले में 16-21, 21-15, 21-13 से हराया।

ट्रीसा और गायत्री ने मुकाबले की शुरुआत 2-6 से पिछड़कर की, लेकिन इसके बाद भारतीय जोड़ी ने शानदार वापसी की। बेहतर स्मैश और मजबूत नेट प्ले के दम पर उन्होंने स्कोर बराबरी पर पहुंचाया और कुछ समय के लिए बढ़त भी हासिल की। हालांकि, निर्णायक क्षणों में चीनी जोड़ी ने बेहतर प्रदर्शन किया। लगातार आक्रामक खेल के दम पर जिया और झांग ने पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में ट्रीसा और गायत्री ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और चीन को बढ़त बनाने का मौका नहीं दिया। दोनों जोड़ियों के बीच लंबी रैलियों और शानदार शॉट्स का सिलसिला चलता रहा और स्कोर 10-10 तक बराबर रहा। इसके बाद चीन की एक गलती का फायदा उठाकर भारत ने बढ़त हासिल की और ब्रेक तक 11-10 से आगे रहा। ट्रीसा की शानदार रक्षात्मक क्षमता और गायत्री के क्रॉस-कोर्ट स्मैश ने भारतीय जोड़ी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। भारत ने दूसरा गेम 21-15 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।

निर्णायक गेम में भारत का दबदबा

निर्णायक गेम में ट्रीसा और गायत्री ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। ब्रेक तक भारतीय जोड़ी 11-5 से आगे थी। छह अंकों की इस बढ़त के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने चीन को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। आक्रामक स्मैश, सटीक नेट प्ले और दबाव में शानदार संयम के दम पर ट्रीसा और गायत्री ने निर्णायक गेम 21-13 से जीत लिया। इसके साथ ही उन्होंने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0