बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में रेनशॉ की वापसी, हेड के साथ करेंगे पारी की शुरुआत

21 Aug 2026 15:15:53
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ


मैकाय, 21 अगस्त (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार से ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए अपनी अंतिम एकादश की घोषणा कर दी है। मैथ्यू रेनशॉ की टीम में वापसी हुई है और वह ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करेंगे।

रेनशॉ को जेक वेदराल्ड की जगह टीम में शामिल किया गया है। वेदराल्ड ने पहले टेस्ट की दोनों पारियों में क्रमश: 23 और शून्य रन बनाए थे, जिसके बाद उन्हें अंतिम एकादश से बाहर कर दिया गया। रेनशॉ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपना आखिरी टेस्ट 2023 में भारत के खिलाफ खेला था। उस मुकाबले में उन्होंने मध्यक्रम में बल्लेबाजी की थी। अब वह फिर से सलामी बल्लेबाज की भूमिका में लौटेंगे। उन्होंने 2016-17 सत्र में सलामी बल्लेबाज के रूप में ही टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था।

लियोन पर बना रहा भरोसा

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट के लिए चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने और ऑफ स्पिनर नाथन लियोन को आराम देने पर भी विचार किया था। कप्तान पैट कमिंस ने मैच से पहले कहा था कि टीम पिच का आकलन करने के बाद इस विकल्प पर फैसला करेगी। हालांकि, अंतिम एकादश में लियोन को बरकरार रखा गया है।ऑस्ट्रेलिया अब दो मैचों की श्रृंखला में 1-1 की बराबरी हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।

पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को चौंकाते हुए जीत दर्ज की थी। कमिंस ने कहा कि उनकी टीम अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब नहीं थी लेकिन बांग्लादेश ने शानदार क्रिकेट खेला और वह एक मजबूत टीम है। उन्होंने कहा कि घरेलू टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया अधिक से अधिक मुकाबले जीतने पर गर्व करता है और टीम दूसरे टेस्ट में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।

ऑस्ट्रेलिया की अंतिम एकादश

मैथ्यू रेनशॉ, ट्रेविस हेड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन और जोश हेजलवुड।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0