असम : जोराबाट प्रदर्शन अस्थायी रूप से स्थगित, मंत्री अतुल बोरा ने प्रदर्शनकारियों से की बातचीत

22 Aug 2026 19:16:53
सांकेतिक छवि।


गुवाहाटी, 22 अगस्त (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के निर्देश पर मंत्री अतुल बोरा शनिवार को जोराबाट स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। वार्ता के बाद जोराबाट में चल रहा प्रदर्शन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया।

यह घटनाक्रम मेघालय सरकार की ओर से असम से मेघालय जाने वाले वाहनों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के आश्वासन के बाद हुआ।

मेघालय सरकार ने असम से मेघालय जाने वाले सभी मार्गों पर पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है। साथ ही, शिलांग में हाल में हुई हिंसक घटनाओं पर दुख जताते हुए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने का आश्वासन दिया।

मेघालय सरकार ने हिंसा के दौरान क्षतिग्रस्त वाहनों के लिए मुआवजा देने तथा घायलों के इलाज का खर्च वहन करने की बात कही है। मेघालय के मुख्य सचिव शकील पी. अहमद को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

असम-मेघालय के बीच मौजूदा तनाव और शिलांग की हिंसक घटनाओं को लेकर दोनों राज्यों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक के बाद मेघालय के उपमुख्यमंत्री स्नीआवभालांग धर ने ये आश्वासन दिए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0