
नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स को सात विकेट से हरा दिया। टीम की जीत के बाद कप्तान सिमरजीत सिंह ने टीम के बदले हुए रवैये, टूर्नामेंट की धीमी शुरुआत से सीख लेने और तेज गेंदबाज मयंक यादव के साथ अपनी गेंदबाजी साझेदारी पर खुलकर बात की।
मैच के बाद सिमरजीत ने कहा कि हमने बस खिलाड़ियों के तौर पर अपना बेस्ट देने और मजबूत सोच के साथ वापसी करने की कोशिश की। हर मैच को बहुत ज़्यादा दबाव के साथ खेलने या इस बात की चिंता करने के बजाय कि हम टूर्नामेंट से बाहर हो रहे हैं या अंदर, हमने अच्छा क्रिकेट खेलने और कोचिंग स्टाफ, मैनेजमेंट और फैन्स को यह दिखाने पर ध्यान दिया कि हम क्या कर सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हम अन्य टीमों के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हम अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और भविष्य के लिए सीख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हम उन गलतियों को न दोहराएं जो हमने पहले की थीं। अब लक्ष्य व्यक्तिगत रूप से अच्छा प्रदर्शन करना और एक टीम के रूप में टूर्नामेंट को मजबूत तरीके से खत्म करना है।
सिमरजीत ने मयंक यादव की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मेरे विचार से मयंक भारत के सबसे तेज गेंदबाज हैं।” उन्होंने कहा कि मयंक दिल्ली क्रिकेट से जुड़े हुए हैं और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने के साथ अपने भारतीय टीम के अनुभव भी साझा करते हैं। सिमरजीत ने मयंक के साथ गेंदबाजी करने को व्यक्तिगत रूप से शानदार अनुभव बताया।
मुकाबले की बात करें तो शुक्रवार रात खेले गए ईस्ट दिल्ली राइडर्स के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आउटर दिल्ली वॉरियर्स को 19.1 ओवर में महज 134 रन पर समेट दिया। वॉरियर्स की टीम 68 रन पर सात विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन हर्ष त्यागी ने 33 गेंदों पर 36 रन बनाकर टीम को कुछ हद तक संभाला। ईस्ट दिल्ली के मयंक यादव ने 22 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि आशीष मीणा ने 25 रन देकर तीन और सिमरजीत सिंह ने 20 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 135 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती झटकों के बावजूद आसानी से जीत हासिल कर ली। काव्या गुप्ता ने नाबाद 48 रन और वैभव बैसला ने नाबाद 32 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 71 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को सात विकेट से जीत दिला दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह