बेलग्रेड, 22 अगस्त (हि.स.)। सर्बिया के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित प्राकृतिक आरक्षित क्षेत्र में लगी भीषण जंगल की आग पर काबू पाने के लिए यूरोपीय संघ (ईयू) ने हेलीकॉप्टर और दमकलकर्मी भेजने का फैसला किया है। सर्बिया ने आग से निपटने में लगातार आ रही कठिनाइयों के बाद यूरोपीय संघ के सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म को सक्रिय किया था।
आग मुख्य रूप से राजधानी बेलग्रेड से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित डेलिब्लाट्स्का पेस्कारा क्षेत्र में फैली है। रेत के टीलों और जंगलों के अनूठे मिश्रण वाला यह प्राकृतिक क्षेत्र पिछले जुलाई के अंत से लगी आग से प्रभावित है, जिसमें हजारों हेक्टेयर चीड़ के जंगल जल चुके हैं। देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भी कई स्थानों पर जंगलों में आग लगी हुई है।
जर्मनी और रोमानिया भेजेंगे राहत दल
सर्बियाई आपातकालीन विभाग के प्रमुख लुका कौसिक ने बताया कि यूरोपीय सहायता के तहत जर्मनी चार ब्लैक हॉक अग्निशमन हेलीकॉप्टर, 55 दमकलकर्मी और 24 वाहन भेजेगा। वहीं, रोमानिया से 69 दमकलकर्मी और 15 वाहन राहत कार्यों के लिए पहुंचेंगे।
सर्बिया यूरोपीय संघ का सदस्य नहीं है, लेकिन उसे यूरोपीय संघ के सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म के तहत आपातकालीन सहायता मिल सकती है।
इस बीच, रूस के आपातकालीन मंत्रालय का आईएल-76पी अग्निशमन विमान बुधवार को दक्षिणी सर्बियाई शहर निस पहुंचा था, जिसे डेलिब्लाट्स्का पेस्कारा की आग बुझाने के अभियान में लगाया गया है।
तेज हवाओं की आशंका, बस्तियों को बचाना प्राथमिकता
अधिकारियों ने शनिवार को स्थिति पहले से अधिक स्थिर बताई, लेकिन आने वाले समय में तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। प्रशासन की प्राथमिकता आसपास की बस्तियों और लोगों की जान की सुरक्षा करना है।
देश के दक्षिण-पश्चिम में स्थित दुर्गम स्टोलोवी पर्वत श्रृंखला में भी जंगल की आग की कई बड़ी घटनाएं सक्रिय हैं।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय