
-दो सगे भाइयों समेत दो मासूम बच्चों की गई जान, धमाका इतना तेज कि दूर तक सुनाई दी आवाज
कच्छ, 22 अगस्त (हि.स.)। गुजरात के कच्छ के नखत्राणा क्षेत्र में शनिवार को एक छोटा हाथी वाहन में अचानक हुए जोरदार विस्फोट से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई और करीब तीन वर्ष उम्र के दो मासूम बच्चे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
कोटडा जडोदरा के पास भागणवाड़ा क्षेत्र में एक छोटा हाथी वाहन गुजर रहा था। इसी दौरान उस वाहन में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज आसपास के दूर-दराज के क्षेत्रों तक सुनाई दी। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन के पिछले हिस्से के पुर्जे उखड़कर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में वाहन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहम्मद इलियास कुंभार (30 वर्ष), नूर मोहम्मद इलियास कुंभार (26 वर्ष), हुसैन मोहम्मद (3 वर्ष) और नूर फातिमा नूर मोहम्मद (3 वर्ष) के रूप में हुई है।
ब्लास्ट के कारणों की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही नखत्राणा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन में विस्फोट किस कारण हुआ। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वाहन में रखी किसी सामग्री के कारण इतना शक्तिशाली विस्फोट हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच और फोरेंसिक परीक्षण के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे