खिताब के लिए शीर्ष दो टीमों में भिड़ंत, गुवाहाटी रॉयल्स और बरपेटा ब्रेव्स फाइनल में आमने-सामने

22 Aug 2026 15:55:53
इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर असम प्रीमियर लीग खिताब के लिए फाइनल में आमने-सामने शीर्ष दो टीमें - गुवाहाटी रॉयल्स और बरपेटा ब्रेव्स की तस्वीरें।


गुवाहाटी, 22 अगस्त (हि.स.)। पहली असम प्रीमियर लीग (एपीएल) के खिताबी मुकाबले में लीग चरण की शीर्ष दो टीमें गुवाहाटी रॉयल्स और बरपेटा ब्रेव्स रविवार, 23 अगस्त को गुवाहाटी के असम क्रिकेट संघ स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। मुकाबला शाम सात बजे से खेला जाएगा।

दोनों टीमों ने लीग चरण में 14-14 अंक हासिल किए। बेहतर नेट रन रेट के आधार पर गुवाहाटी रॉयल्स 0.920 के साथ शीर्ष पर रही, जबकि बरपेटा ब्रेव्स का नेट रन रेट 0.614 रहा।

गुवाहाटी रॉयल्स ने बारिश से प्रभावित सेमीफाइनल में बराक लीजेंड्स को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। रोहित सेन ने 26 गेंदों पर 62 रन की शानदार पारी खेली, जबकि बास्तव रॉय ने 18 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। बस्तव रॉय 22 विकेट के साथ टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

वहीं, बरपेटा ब्रेव्स ने रोमांचक सेमीफाइनल में डिब्रूगढ़ वॉरियर्स को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। सौरव मौसुम दिहिंगिया ने नाबाद 63 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। गेंदबाजी में शुभम कुमार गुप्ता 19 विकेट के साथ टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं।

बरपेटा ब्रेव्स को फाइनल में नियमित कप्तान डेनिश दास की कमी खलेगी। डुलेप ट्रॉफी की प्रतिबद्धताओं के कारण वह टीम से अलग हो गए हैं। ऐसे में अन्य खिलाड़ियों पर टीम को खिताब तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।

फाइनल की विजेता टीम को 50 लाख रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। लीग चरण की शीर्ष दो टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला असम प्रीमियर लीग के पहले चैंपियन का फैसला करेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0