बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप : ट्रीसा-गायत्री ने जीता कांस्य, चीनी जोड़ी से सेमीफाइनल में हारीं

22 Aug 2026 18:48:53
ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी


नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)।

भारत की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। शनिवार को महिला युगल सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी को शीर्ष वरीयता प्राप्त और मौजूदा विश्व चैंपियन चीन की लियू शेंग शू और तान निंग के हाथों 21-18, 13-21, 8-21 से हार का सामना करना पड़ा।

इसके बावजूद ट्रीसा और गायत्री विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला युगल जोड़ी बन गई हैं, क्योंकि इससे पहले 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने कांस्य पदक जीता था।

पहले गेम में भारतीय जोड़ी का दबदबा

इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच ट्रीसा और गायत्री ने शानदार शुरुआत करते हुए 7-2 की बढ़त बना ली। हालांकि चीनी जोड़ी ने लगातार नौ अंक हासिल कर मध्यांतर तक 11-7 की बढ़त बना ली।

ब्रेक के बाद भारत ने जोरदार वापसी की और लगातार पांच अंक लेकर स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया। चीन ने 18-16 की बढ़त बनाई, लेकिन भारतीय जोड़ी ने फिर लगातार पांच अंक हासिल किए। ट्रीसा के शानदार क्रॉस-कोर्ट स्मैश की मदद से भारत ने पहला गेम 21-18 से अपने नाम कर लिया।

चीन ने दूसरे गेम में की वापसी

दूसरे गेम में भी भारतीय जोड़ी ने कड़ा मुकाबला किया और मध्यांतर तक 11-10 से आगे रही। इसके बाद लियू और तान ने अपनी मजबूत रक्षात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। 49 शॉट की लंबी रैली ने भी चीनी जोड़ी का आत्मविश्वास बढ़ाया।

चीन ने इसके बाद लगातार सात अंक हासिल किए और दूसरा गेम 21-13 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।

निर्णायक गेम में भारत की चुनौती खत्म

तीसरे गेम में चीनी जोड़ी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। 56 शॉट की मैच की सबसे लंबी रैली के बाद लियू और तान ने मध्यांतर तक 11-5 की बढ़त बना ली।

ब्रेक के बाद भारतीय खिलाड़ियों से कुछ गलतियां हुईं, जिसका चीन ने पूरा फायदा उठाया। चीनी जोड़ी ने तीसरा गेम 21-8 से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।

हालांकि सेमीफाइनल में हार के बावजूद ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने कांस्य पदक अपने नाम कर भारतीय बैडमिंटन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0