शहीदों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व : रामदास आठवले

22 Aug 2026 19:54:53
राज्य मंत्री रामदास आठवले


नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री तथा रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने कहा कि देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।उन्होंने कहा कि भारत की आजादी असंख्य वीर शहीदों के त्याग और बलिदान का परिणाम है और तिरंगा देश की एकता, संप्रभुता और करोड़ों भारतीयों के गौरव का प्रतीक है।

एलायंस बहु-राज्य सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा अमर वीर शहीदों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति को समर्पित ‘मेरा भारत-एक शाम देश के नाम’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामदास आठवले ने कहा कि देश की प्रगति तभी सार्थक है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और सम्मान मिले। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में आयोजक एलायंस चेयरमैन डॉ. गुलाब सिंह, हितेन्द्र सिंह, दिल्ली विधानसभा सदस्य कुलदीप सोलंकी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0