ईटीपीएल ने मिलाया क्रिकेट और हॉकी का संगम, द्रविड़-वॉ और अभिषेक बच्चन ने देखा भारत-नीदरलैंड मुकाबला

युगवार्ता    23-Aug-2026
Total Views |
ईटीपीएल ने मिलाया क्रिकेट और हॉकी का संगम, द्रविड़-वॉ और अभिषेक बच्चन ने देखा भारत-नीदरलैंड मुकाबला


ईटीपीएल ने मिलाया क्रिकेट और हॉकी का संगम, द्रविड़-वॉ और अभिषेक बच्चन ने देखा भारत-नीदरलैंड मुकाबला


एम्स्टेलवीन (नीदरलैंड), 23 अगस्त (हि.स.)। यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) के पहले सत्र की शुरुआत से कुछ दिन पहले नीदरलैंड में क्रिकेट और हॉकी जगत का खास संगम देखने को मिला। ईटीपीएल के सह-मालिक अभिषेक बच्चन, डबलिन गार्जियंस के सह-मालिक राहुल द्रविड़ तथा एम्स्टर्डम फ्लेम्स के सह-मालिक स्टीव वॉ और जेमी ड्वायर ने एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 में भारत और नीदरलैंड के बीच पुरुष मुकाबला देखा।

एम्स्टेलवीन के वैगेनर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के बाद अभिषेक बच्चन ने भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और उनके साथियों से मुलाकात की। उन्होंने टीम को विश्व कप अभियान के शेष मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, राहुल द्रविड़, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ और हॉकी दिग्गज जेमी ड्वायर ने स्टेडियम से मुकाबले का आनंद लिया।

हॉकी विश्व कप का अनुभव साझा करते हुए अभिषेक बच्चन ने कहा कि यह उनका पहला हॉकी विश्व कप है और अनुभव बेहद शानदार रहा। उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजन और मेजबान देशों की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि वह लंबे समय से हॉकी को फॉलो करते रहे हैं और पिछले कुछ वर्षों में इस खेल में आए कौशल और रोमांच ने इसे और आकर्षक बना दिया है।

इस बीच, आईसीसी से मान्यता प्राप्त टी-20 फ्रेंचाइजी लीग यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग का आगाज 26 अगस्त से होगा। टूर्नामेंट में छह शहर आधारित फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी और इसका आयोजन 20 सितंबर तक नीदरलैंड के वूरबर्ग और आयरलैंड के मलाहाइड में किया जाएगा।

टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में रॉटरडैम डॉकर्स का सामना एम्स्टर्डम फ्लेम्स से होगा। ईटीपीएल के पहले सत्र को यूरोपीय क्रिकेट के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags