नेपाल-भारत संयुक्त गश्त का दायरा बढ़ाएंगे, सुरक्षा अधिकारियों में बनी सहमति

23 Aug 2026 13:27:53
नेपाल भारत सीमा सुरक्षा बैठक


काठमांडू, 23 अगस्त (हि.स.)। नेपाल और भारत के सीमावर्ती जिलों के सुरक्षा अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए संयुक्त गश्त का क्षेत्र विस्तार करने तथा सीमा अपराधों से संबंधित सूचनाओं का नियमित रूप से आदान-प्रदान करने पर सहमति जताई है।

महोत्तरी के जिला मुख्यालय जलेश्वर में आयोजित नेपाल-भारत सुरक्षा अधिकारियों की समन्वय बैठक में हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी सहित सीमा अपराधों के नियंत्रण एवं रोकथाम, सीमा स्तंभों की सुरक्षा तथा उनके रखरखाव के विषय पर चर्चा हुई।

महोत्तरी के सहायक प्रमुख जिला अधिकारी संजय कुमार पोखरेल ने बताया कि दोनों देशों में संयुक्त गश्त का विस्तार करने के साथ-साथ सीमा क्षेत्र में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए घटनाओं से संबंधित सूचनाएं एक-दूसरे के साथ साझा करने पर भी सहमति बनी है।उनके अनुसार बैठक का मुख्य उद्देश्य आपसी समन्वय और सहयोग को मजबूत करना रहा।

बैठक में महोत्तरी के प्रमुख जिला अधिकारी इंद्रदेव यादव, सर्लाही के प्रमुख जिला अधिकारी विजयराज सुवेदी, रौतहट के प्रमुख जिला अधिकारी दिनेश सागर, सीतामढ़ी के जिला मजिस्ट्रेट तनय सुल्तानिया और सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन सहित दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0