पीयूष गोयल की चार दिवसीय जापान यात्रा कल से, सबसे बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल होगा साथ

23 Aug 2026 16:20:53

नई दिल्ली, 23 अगस्त (हि.स.)। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 24 से 27 अगस्त तक जापान के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे टोक्यो, नागोया और ओसाका जाएंगे और भारत का अबतक का सबसे बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल जापान लेकर जाएंगे। इस प्रतिनिधिमंडल में 200 से अधिक कारोबारी शामिल हैं, जो विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा, इस्पात, ऑटोमोबाइल, वित्तीय सेवाएं, स्वास्थ्य और स्टार्ट‑अप जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं।

केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय ने बताया कि टोक्यो में मंत्री शीर्ष जापानी औद्योगिक घरानों और कंपनियों के नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा जापान बिजनेस फेडरेशन (केइदानरेन) के साथ गोलमेज बैठक होगी। सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्ट‑अप और विदेशी निवेशकों के साथ विशेष सत्र भी आयोजित होंगे। गोयल अपने जापानी समकक्ष अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्री अकाजावा रयोसेई से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और जापानी संसद व सरकार के वरिष्ठ सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे।

नागोया में गोयल चूकेइरेन (सेंट्रल जापान इकोनॉमिक फेडरेशन) और नागोया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ रोड शो करेंगे। यहां ऑटोमोबाइल और इस्पात क्षेत्र के निवेशकों से भी बातचीत होगी।

दौरे का समापन ओसाका में निवेशकों और व्यापारिक रोड शो के साथ होगा। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स, औद्योगिक और उपभोक्ता क्षेत्रों की प्रमुख जापानी कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात होगी।

उल्लेखनीय है कि जापान भारत का भरोसेमंद साझेदार रहा है और ऑटोमोबाइल, इस्पात, इलेक्ट्रॉनिक्स, वित्तीय सेवाओं और आधारभूत संरचना में उसकी भूमिका अहम रही है। इस दौरे से दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही उच्च तकनीकी विनिर्माण और नई पीढ़ी के उद्योगों में सहयोग के नए अवसर खुलेंगे, जो आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की दृष्टि के अनुरूप हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0