प्रयागराज के फजल अब्बास का उत्तर प्रदेश अंडर-19 फुटबाल टीम में चयन

23 Aug 2026 20:49:53
प्रयागराज के फुटबॉल खिलाड़ी फजल अब्बास की फोटो


कोच शादाब रजा से सीखी खेल की शुरुआती बारीकियां, सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज में ले रहे प्रशिक्षण

प्रयागराज, 23 अगस्त (हि.स.)। बेंगलुरु, कर्नाटक में 26 अगस्त से शुरू होने वाली अंडर-19 बीसी राय ट्रॉफी राष्ट्रीय जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता के लिए प्रयागराज के मोहम्मद फजल अब्बास का चयन उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। फजल के चयन से उनके परिवार और खेल प्रेमियों में खुशी है।

फजल अब्बास ने फुटबाल की शुरुआती बारीकियां प्रशिक्षक शादाब रजा से सीखीं। वर्तमान में वह सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज में कोच शाकिब खान के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इससे पहले फजल अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग की स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

फजल अंतरराष्ट्रीय सुब्रतो कप में उपविजेता रहे सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें अब उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम में जगह मिली है।

चौक निवासी फर्रुख अब्बास के पुत्र फजल के चयन पर रविवार काे नारायण जी गोपाल, मकबूल अहमद, शादाब रजा, शबी रफीक, सुरेंद्र कुमार, संजय सिंह और अंबर जायसवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने उम्मीद जताई कि फजल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर प्रयागराज और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Powered By Sangraha 9.0