अजय देवगन की 'दृश्यम 3' का ऐलान, पोस्टर आया सामने

24 Aug 2026 12:58:53
अजय देवगन - फोटो सोर्स एक्स


अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम 3' को आखिरकार आधिकारिक शीर्षक मिल गया है। अभिनेता ने 24 अगस्त को फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए इसके नाम और रिलीज डेट का ऐलान किया। फिल्म अब 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' के नाम से सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले तैयार की गई है। फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे।

अजय ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, हर इंसान का नजरिया अलग होता है... मेरे लिए मेरी फेमिली ही सब कुछ है। 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' सिनेमाघरों में 2 अक्टूबर को। फिल्म के टाइटल से साफ संकेत मिलता है कि विजय सालगांवकर और पुलिस के बीच लंबे समय से चल रहा लुका-छिपी का खेल अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंचने वाला है। ऐसे में दर्शकों को यह जानने की उत्सुकता है कि कहानी का अंतिम निष्कर्ष क्या होगा।

फिल्म के पोस्टर ने भी रहस्य बरकरार रखा है। इसमें अजय देवगन का पूरा चेहरा दिखाने के बजाय उनकी सिर्फ गहरी और गंभीर आंख को प्रमुखता दी गई है। यह विजय के सतर्क स्वभाव, उसके दिमाग में चल रही रणनीति और छिपे रहस्यों की ओर इशारा करती है। 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' में अजय के साथ तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। 2 अक्टूबर को रिलीज होने वाली फिल्म से 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी की कहानी को निर्णायक अंत मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0